Site icon Dainik Savera Times

छात्र संघ चुनाव बहाल करो, फीस वृद्धि वापस लो: कुल्लू में ABVP का जोरदार प्रदर्शन

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/08/1001062760.mp4

कुल्लू: आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कुल्लू इकाई द्वारा छात्रों की विभिन्न मांगों एवं छात्र हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में छात्र संघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से बहाल करने तथा हिमाचल प्रदेश के तीनों विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों पर थोपी गई अन्यायपूर्ण फीस वृद्धि को वापस लेने की मांग उठाई।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का कहना है कि छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर प्रदान करते हैं तथा महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में छात्रों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए छात्र संघ चुनाव को तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाना चाहिए। साथ ही, विश्वविद्यालयों में लगातार बढ़ाई जा रही फीस विद्यार्थियों एवं उनके परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। परिषद ने मांग की कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए तीनों विश्वविद्यालयों में की गई फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए।

इस अवसर पर कुल्लू इकाई सह-सचिव सुभाष ने विश्वविद्यालयों में बढ़ती फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग को लेकर अपना वक्तव्य रखा। उन्होंने कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों का अधिकार है और अनावश्यक फीस वृद्धि के कारण विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित नहीं होनी चाहिए। कुल्लू इकाई कार्यकर्ता शगुन ने छात्र संघ चुनावों की बहाली की मांग को लेकर अपना भाषण दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को मजबूत करने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए छात्र संघ चुनावों की बहाली आवश्यक है।

वहीं कुल्लू इकाई उपाध्यक्ष अरमान ने तीनों विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों पर थोपी गई फीस वृद्धि को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी हितों से जुड़े इन मुद्दों पर सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कुल्लू इकाई ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की समस्याओं एवं अधिकारों के लिए परिषद लगातार आवाज उठाती रहेगी और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा।

Exit mobile version