Site icon Dainik Savera Times

मल्हार उत्सव की समीक्षा, लोक संस्कृति संरक्षण पर जोर

Review of the Malhar Festival : कुल्लू। सूत्रधार कला संगम कुल्लू की कार्यकारिणी बैठक में 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव की सफलता की समीक्षा की गई। बैठक में भविष्य के सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के साथ स्थानीय कलाकारों और युवा प्रतिभाओं को मंच देने तथा लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सदस्य राजेन्द्र सूद व युवराज बौध, वित्त सचिव जोंगेंद्र ठाकुर, भण्डार प्रभारी तिलक राज चौधरी, सचिव मोनिका सागर, मंजुलता शर्मा, यशोदा शर्मा व हितेश गोगी, लोकनृत्य प्रभारी सीमा शर्मा, प्रचार-प्रसार प्रभारी सुंदर श्याम व सहप्रभारी धर्मेन्द्र शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य सुदेश कुमार, सुबोध सूद, कैप्टन रणधीर सिंह सल्हुरिया व भारत भूषण आचार्य, प्राचार्य संगीत अकादमी पं० विद्या सागर, आमंत्रित सदस्य निशांत गौतम, जीवन बुड़ाल, सनी तथा प्रबंधक उत्तम चन्द उपस्थित रहे । बैठक में संस्था की हाल ही में सम्पन्न हुए 19वें सूत्रधार मल्हार उत्सव कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कलाकारों, पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों एवं प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े लोगों का आभार व्यक्त किया।

बैठक में मल्हार उत्सव के दौरान हुए कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं एवं प्राप्त प्रतिक्रियाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई । कार्यकारिणी सदस्यों ने उत्सव को सफल एवं यादगार बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श किया । इसके साथ ही सूत्रधार कला संगम द्वारा आने वाले समय में आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संस्था की गतिविधियों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने, स्थानीय कलाकारों एवं युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा लोक कला एवं संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में निरंतर कार्य करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में संस्था से जुड़ने वाले आजीवन सहयोगियों की संख्या बढ़ाने पर भी विशेष चर्चा हुई । निर्णय लिया गया कि संस्था के उद्देश्यों एवं गतिविधियों से प्रभावित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को आजीवन सहयोगी के रूप में संस्था से जोड़ा जाएगा, ताकि सूत्रधार की सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों को और अधिक मजबूती मिल सके । अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि सूत्रधार कला संगम का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना ही नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ना भी है । उन्होंने सभी कार्यकारिणी सदस्यों एवं सहयोगियों से संस्था की आगामी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया । *जारीकर्ता:- सुंदर श्याम व धर्मेन्द्र शर्मा* *(प्रचार-प्रसार प्रभारी व सहप्रभारी, सूत्रधार कला संगम कुल्लू)*

Exit mobile version