रामपुर (मीनाक्षी): शिमला जिला के ननखड़ी के समीप पांडा धार में सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। हादसे में एक अन्य घायल हुआ है। घटना के बाद लोगों ने तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। घायल व्यक्ति का रेस्क्यू करके उसे इलाज के लिए खनेरी हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक सड़क हादसा नीरथ ननखड़ी मार्ग पर हुआ। थार गाड़ी में सवार होकर दो लोग रामपुर से ननखड़ी की ओर जा रहे थे। करीब तीन बजे जब कार पांडाधार के पास पहुंची तो चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क के साथ लगे पेरापिट से टकराते हुए करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच कर स्थानीय लोगों ने हादसे की जानकारी पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग का दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य में जुट गए। कड़ी मुशक्त के बाद हादसे के मृतक और घायल हुए व्यक्ति को दुर्घटनास्थल से बाहर निकाला गया।
इस हादसे में ड्राइवर रणवीर सिंह निवासी नागाधारए तहसील ननखड़ी की मौके पर ही मौत हो गई। घायल की पहचान ज्ञान चंद निवासी नागाधार तहसील ननखड़ी के तौर पर हुई है। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई है, जबकि एक अन्य घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल भेजा दिया गया है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्रवाई पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।

