बड़सर (हमीरपुर): उपमंडल बड़सर के बिझड़ी क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। आपको बता दें कि मथोल से सोहारी की ओर जा रही बोलेरो गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में वाहन में सवार एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोहारी निवासी बलदेव सिंह अपने परिवार के साथ बोलेरो में घर लौट रहे थे। अभी वे कुछ ही दूरी तय कर पाए थे कि राजा भरथरी मंदिर करहा के समीप चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और गाड़ी खाई में लुढ़क गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायलों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया।
घायलों में पूनम और अर्चना नामक दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार घटना के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...