Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

लाहौल में अटल टनल के पास धंसी सड़क, वाहनों की रुकी आवाजाही

April 2, 2024

लाहौल में अटल टनल के पास धंसी सड़क, वाहनों की रुकी आवाजाही

जिला लाहौल स्पीति के अटल टनल के समीप सिस्सू के सेल्फी पॉइंट में सड़क बुरी तरह से धंस गई है। जिसके चलते यहां पर फिलहाल वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया है। बी आर ओ के कर्मचारियों के द्वारा अब इस सड़क की मरम्मत की जा रही है। ताकि मनाली केलांग सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को शुरू किया जा सके। बीते दिनों लाहौल घाटी में जमकर बर्फबारी हुई थी और यहां पर बर्फ के चलते वाहनों की आवाजाही रुक गई थी।

ऐसे में मौसम साफ होने के बाद सड़क से बर्फ हटाने का काम शुरू किया गया। जब कर्मचारियों ने सिस्सू के समीप सेल्फी पॉइंट पर सड़क से बर्फ को हटाया तो उन्होंने देखा कि यहां पर सड़क बुरी तरह से धंस गई है। जिसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहनों को भी खतरा पैदा हो गया था। अब फिलहाल यहां पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है और आपातकालीन वाहनों को गुजरने की ही अनुमति दी जा रही है।

इसके अलावा यहां पर पुलिस के कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है और बी आर ओ के कर्मचारी सड़क की मरम्मत के कार्य में जुट गए हैं। गौर रहे कि भारी हिमपात के चलते मनाली केलांग सड़क मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई थी और अटल टनल को भी सैलानियों के लिए बंद कर दिया गया था। अब मौसम साफ होने की स्थिति में अटल टनल को सैलानियों के लिए खोल दिया गया है। लेकिन अटल टनल से केलांग की ओर जाने वाले वाहनों पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।

ऐसे में जैसे ही सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा होता है तो पुलिस प्रशासन के द्वारा यहां से वाहनों को गुजरने की अनुमति दी जाएगी। एसपी लाहौल स्पीति मयंक चौधरी ने बताया कि यहां पर सड़क की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है और आपातकालीन वाहनों को ही गुजरने की अनुमति दी जा रही है। जल्द ही सड़क के मरम्मत कार्य को पूरा किया जाएगा और सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को शुरू किया जाएगा। इसके अलावा अटल टनल तक सैलानियों को आने की अनुमति दी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें