हिमाचल डेस्कः हमीरपुर जिले में स्थित प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर क्षेत्र में गुरुवार रात करीब सवा दस बजे एक बड़ा हादसा टल गया। दरअसल, अमृतसर से आए 15-20 श्रद्धालुओं के जत्थे के बैरियर नंबर एक के पास गुजरते ही पहाड़ी से विशाल चट्टान गिर पड़ी। चट्टान के टूटने से उसके टुकड़ों की चपेट में अमृतसर निवासी 40 वर्षीय देवी घायल हो गई। गनीमत रही कि उसके दोनों बच्चे बाल-बाल बच गए।
ये भी पढे़ं :-
मौके पर मौजूद दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने तुरंत घायल महिला को मंदिर ट्रस्ट की टैक्सी सेवा की फर्स्ट एड किट से प्राथमिक उपचार दिया। फिर उसे ट्रस्ट के अस्थायी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उसके घुटने और बाजू में चोटें हैं, लेकिन अब हालत स्थिर है।
इस घटना ने मंदिर मार्ग की सुरक्षा पर फिर सवाल खड़े कर दिए। स्थानीयों का कहना है कि ढलान वाली पहाड़ियों से पत्थर गिरना आम है और पहले भी भूस्खलन हो चुके हैं। श्रद्धालुओं ने प्रशासन से संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जाल, चेतावनी बोर्ड और रात में रोशनी की मांग की है।
उधर, मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि घटना की सूचना पर टीम भेजी गई। भविष्य में ऐसी वारदात रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में फेंसिंग लगवाई जाएगी। फिलहाल श्रद्धालुओं को वैकल्पिक सुरक्षित रास्ते का उपयोग करने और मौके पर एम्बुलेंस व सुरक्षाकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी देखें :-

