Site icon Dainik Savera Times

प्रगति नगर को विकासात्मक सौगात, शिक्षा के विस्तार को मिली नई उड़ान – रोहित ठाकुर

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा को सामाजिक एवं आर्थिक परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम मानते हुए शैक्षणिक अधोसंरचना के विस्तार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और रोजगारोन्मुखी तकनीकी शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आधुनिक सुविधाओं से युक्त बेहतर शैक्षणिक मंच उपलब्ध करवाना सरकार की प्रतिबद्धता है, ताकि प्रतिभा और परिश्रम के आधार पर प्रत्येक विद्यार्थी को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हो सकें।

शिक्षा मंत्री ने आज कोटखाई तहसील के प्रगति नगर प्रवास के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एबीवीजीआईईटी) में लगभग 10.62 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन तथा 1.04 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ पेयजल योजना का उद्घाटन कर इन्हें जनता को समर्पित किया। एबीवीजीआईईटी, प्रगति नगर में किए गए विकासात्मक कार्यों, नए शैक्षणिक पाठ्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान में नवंबर 2023 में लगभग 73 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए गए थे। उन्होंने बताया कि नवंबर 2023 में संस्थान के 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित बीटेक विंग भवन का उद्घाटन किया गया। इसके अतिरिक्त 1.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम का लोकार्पण किया गया, जबकि लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से पॉलिटेक्निक विंग भवन का शिलान्यास किया गया।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से खेल परिसर का निर्माण तथा 1.50 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य द्वार एवं परिसर के लैंडस्केप विकास का कार्य पूर्ण कर संस्थान को समर्पित किया गया। इन सुविधाओं से संस्थान का आधारभूत ढांचा और अधिक सुदृढ़ हुआ है तथा विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रशिक्षण एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि यह प्रयास तकनीकी शिक्षा के विस्तार और क्षेत्र के युवाओं को उनके घर-द्वार के समीप उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।

नए पाठ्यक्रमों से तकनीकी शिक्षा का हुआ विस्तार

शिक्षा मंत्री ने कहा कि संस्थान में विकास को केवल भवन निर्माण तक ही सीमित नहीं रखा गया, बल्कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और वर्तमान औद्योगिक एवं रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम भी आरंभ किए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 के बाद आईटीआई विंग में मैकेनिक इलेक्ट्रिकल व्हीकल, इंजीनियरिंग कॉलेज विंग में सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक तथा पॉलिटेक्निक विंग में सिविल इंजीनियरिंग में डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन में डिप्लोमा पाठ्यक्रम को पुनः आरंभ किया गया, जिसे पूर्व में बंद कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि इन शैक्षणिक पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। वर्ष 2022 में संस्थान के तीनों विंग में विद्यार्थियों की कुल संख्या लगभग 950 थी, जो अब बढ़कर 1500 से अधिक हो गई है। यह संस्थान की बढ़ती शैक्षणिक प्रतिष्ठा, उपलब्ध सुविधाओं और तकनीकी शिक्षा के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान का प्रमाण है।

लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के प्रयास

रोहित ठाकुर ने बताया कि संस्थान में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगभग 8.50 करोड़ रुपये की लागत से बालक छात्रावास तथा लगभग 08 करोड़ रुपये की लागत से टाइप-IV आवासीय भवन संख्या-2 का निर्माण प्रस्तावित है। इन कार्यों के पूर्ण होने से संस्थान में आवासीय सुविधाओं का विस्तार होगा तथा विद्यार्थियों और कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि संस्थान की आवश्यकताओं और प्रबंधन द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बॉयज हॉस्टल एवं आवासीय कॉलोनी का निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 तक करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में निर्णायक प्रगति

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि साबित होगी। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे तथा अभिभावकों को भी बेहतर शैक्षणिक विकल्प प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय से संबंधित निर्माण कार्य की निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इसके लिए तकनीकी निविदा 1 दिसंबर, 2026 को तथा वित्तीय निविदा संभावित रूप से 15 दिसंबर, 2026 को खोले जाने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस संबंध में शिलान्यास की जानकारी भी मांगी गई है तथा दिसंबर 2026 में माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल माध्यम से शिलान्यास किए जाने की संभावना है।

कोटखाई क्षेत्र में शिक्षा अधोसंरचना पर व्यय किये जा रहे 100 करोड़

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई व गुम्मा सहित क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में शिक्षा अधोसंरचना के व्यापक सुदृढ़ीकरण के लिए लगभग 100 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। इनमें महाविद्यालयों के भवन निर्माण, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा रखरखाव एवं मरम्मत के कार्य शामिल हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र की शैक्षणिक संस्थाओं का कायाकल्प कर विद्यार्थियों को आधुनिक एवं अनुकूल शिक्षण वातावरण उपलब्ध करवाना है।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 05 उच्च विद्यालयों के भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन विकासात्मक कार्यों के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि डीएवी कॉलेज कोटखाई में 25 वर्ष बाद वर्तमान सरकार ने 8 पदों को स्वीकृत किया है जिसमें एक पद प्रधानाचार्य का है और 07 पद टीचिंग स्टाफ के हैं।

गुम्मा विद्यालय को सीबीएसई से जोड़ने की दिशा में प्रयास

रोहित ठाकुर ने गुम्मा विद्यालय को सीबीएसई से जोड़ने की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में 147 विद्यालयों को सीबीएसई प्रणाली के अंतर्गत लाने की पहल की गई थी, जिसमें गुम्मा विद्यालय भी शामिल था। हालांकि, विद्यालय में भवन निर्माण एवं पर्याप्त आधारभूत सुविधाओं के अभाव के कारण इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि की संभावना है तथा इसे सीबीएसई से जोड़ने के विषय पर आगे विचार किया जाएगा।

विद्यार्थियों से बोले शिक्षा मंत्री ‘मेहनत का कोई विकल्प नहीं’

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रोहित ठाकुर ने कहा कि भविष्य में वह किस मुकाम पर पहुंचेंगे और समाज एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी क्या भूमिका होगी, यह उनकी लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प पर निर्भर करेगा। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें हासिल करने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से प्रयास करें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश और प्रदेश का वास्तविक भविष्य है। आज उन्हें जो बेहतर शैक्षणिक वातावरण और अवसर उपलब्ध हो रहे हैं, उनका सदुपयोग कर उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारना चाहिए।

रोहित ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में देशभर में अग्रणी राज्यों में शुमार है और यह प्रत्येक प्रदेशवासी के लिए गर्व का विषय है। प्रदेश सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को सर्वोत्तम उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण मंच प्रदान किए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आज कंप्यूटर शिक्षा, इंजीनियरिंग, तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। पहले इन विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए विद्यार्थियों को प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था, लेकिन अब प्रदेश में ही विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से बेहतर अवसर सृजित किए जा रहे हैं। भारत एक युवा राष्ट्र है और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा एवं कौशल देश की सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे में युवाओं को शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें।

आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कृति एवं विरासत का संरक्षण भी आवश्यक

शिक्षा मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और आधुनिकता के साथ अपनी लोक संस्कृति, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। स्थानीय लोक कला एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हमारी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान की परिचायक हैं। नई पीढ़ी का दायित्व है कि वह अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे और इस विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाए।

अगले छह माह में पूर्ण होगा स्कूल का निर्माणाधीन भवन

शिक्षा मंत्री ने आशा व्यक्त की कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के निर्माणाधीन भवन का कार्य आगामी पांच से छह माह के भीतर पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस गति से निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है, उससे निर्धारित समयावधि में इसे पूर्ण करने की उम्मीद है। भवन के पूर्ण होने पर वह पुनः विद्यार्थियों के बीच उपस्थित होकर नई सुविधाओं का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने बताया कि इस विद्यालय के लिए 4 वर्षों में विकास कार्यों के लिए 85 लाख रुपए की राशि खर्च की गई है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य केवल शैक्षणिक भवनों का निर्माण करना नहीं, बल्कि शिक्षा संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों से सुसज्जित करना है। एबीवीजीआईईटी प्रगति नगर सहित कोटखाई क्षेत्र में किए जा रहे विकासात्मक कार्य इसी प्रतिबद्धता और दूरदर्शी सोच का प्रतिफल हैं। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर ग्रामीण क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए सशक्त मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। रोहित ठाकुर ने इस दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रस्तुत करने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं को 15 हज़ार रुपए प्रदान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर एसडीएम कोटखाई डॉ मनु वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जितेंदर मेहता, पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, एबीवीजीआईईटी के प्रधानाचार्य व निदेशक राकेश ठाकुर, पॉलिटेक्निक के प्रिंसिपल अनिल कुमार, प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सोमेश मेहता, कलबोग वार्ड से जिला परिषद सदस्य रेखा चौहान, पंचायत समिति अध्यक्ष विजय राजटा, प्रधान ग्राम पंचायत गुम्मा विद्या, उप प्रधान रामलाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गुमान सिंह, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, अतुल चौहान, पूर्व महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश ठाकुर सहित पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि व कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version