हिमाचल डेस्क : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि रोहड़ू-डोडरा-क्वार सड़क परियोजना का काम तय समय सीमा के अंदर पूरा किया जाएगा। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण कर काम की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए और सभी काम समय पर पूरे किए जाएं। डोडरा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि चिड़गांव-डोडरा-क्वार सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इस सड़क के निर्माण पर करीब 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सड़क बनने से डोडरा-क्वार क्षेत्र के लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी और वर्षों पुरानी सड़क सुविधा की मांग पूरी होगी।
मंत्री ने कहा कि डोडरा-क्वार क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति काफी कठिन है। यहां खराब मौसम और सीमित समय में काम करना एक बड़ी चुनौती रहती है। इसके बावजूद सरकार और विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं कि सभी सड़क परियोजनाओं को बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार के साथ हुई बैठक में डोडरा-क्वार क्षेत्र की सड़क योजनाओं का मामला प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बाद प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) फेज-1 के बचे हुए कार्यों को पूरा करने की समय सीमा मार्च 2027 तक बढ़ा दी गई है। इससे सड़क निर्माण कार्यों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि रोहड़ू-चिड़गांव सड़क का काम भी तेजी से चल रहा है। इस परियोजना पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और इसे भी जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि डोडरा-क्वार को उत्तराखंड से जोड़ने वाली सड़क को लेकर उत्तराखंड सरकार से भी बातचीत की गई है। हिमाचल प्रदेश के क्षेत्र में आने वाले हिस्से का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्र की अन्य सड़कों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि लोगों की सुविधा के लिए कई संपर्क सड़कों को मंजूरी दी गई है। कितरवाड़ी संपर्क सड़क के लिए करीब 4.50 करोड़ रुपये, जिसकुन-जाखा सड़क के लिए 10.50 करोड़ रुपये और जड़कोट सड़क के लिए करीब 4 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन योजनाओं की जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही काम शुरू किया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि डोडरा-चमडार सड़क का निर्माण करीब 5.50 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसके अलावा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डोडरा के भवन निर्माण पर अब तक करीब 3.50 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल के बाकी विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्कूल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के नाम पर रखने का सुझाव भी सामने आया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से चर्चा कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डोडरा-क्वार क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। यहां एसडीएम कार्यालय और आवास का निर्माण करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से अंतिम चरण में है। वहीं लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का निर्माण भी लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डोडरा-क्वार क्षेत्र में इस समय करीब 70 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। सरकार क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता दे रही है और लोगों की जरूरी मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि डोडरा-क्वार क्षेत्र में पर्यटन की काफी संभावनाएं हैं। सड़क सुविधा बेहतर होने के बाद यहां पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में चांशल घाटी को रोपवे से जोड़ने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है और किसानों को इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपनी पारंपरिक संस्कृति और जीवनशैली को बनाए रखने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने लोक निर्माण मंत्री का डोडरा-क्वार पहुंचने पर स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़ी मांगों को मंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसे यहां के लोग हमेशा याद रखेंगे। डोडरा-क्वार दौरे के दौरान लोक निर्माण मंत्री का कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। रोहड़ू, सीमा, बड़ियारा, मांदली पुल, सुंधा, चिड़गांव, संदासू, गुम्मा, टिक्करी, खरशाली, शिलादेश और लडोट सहित कई जगहों पर लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।
इस दौरान मंत्री ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, एसडीएम डोडरा-क्वार कीर्ति चंदेल, मंडल अध्यक्ष रोहड़ू शिवपाल ठाकुर, पूर्व मंडल अध्यक्ष करतार सिंह कुल्ला, नगर परिषद रोहड़ू के अध्यक्ष प्यारे लाल आजाद, उपाध्यक्ष जितेंद्र चौहान, पंचायत समिति छौहारा के अध्यक्ष उत्तम ठाकुर, स्थानीय प्रधान बद्री प्रसाद, उपप्रधान अजवेंद्र सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे।