Site icon Dainik Savera Times

सिमी अग्निहोत्री की स्मृति में दंगल के लिए एक लाख देने की घोषणा

Rs 10 Crore Synthetic Track, Indoor Stadium : शिमला। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के धर्मपुर में आयोजित विशाल छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।

इस अवसर पर उन्होंने दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों का आयोजन के लिए आभार जताया तथा ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली क्षेत्र में ग्रामीण खेलों और विशेषकर दंगलों के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। क्षेत्र के लगभग हर गांव में दंगल आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं। ये आयोजन आपसी भाईचारे और सद्भावना को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उनका ध्यान खेल गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरोली में खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रामपुर पुल के समीप करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक बनाया जा रहा है। इससे सेना और पुलिस सहित विभिन्न भर्तियों की तैयारी करने वाले युवाओं को दौड़ का अभ्यास करने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

इसी क्षेत्र में लगभग 13 से 14 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम का निर्माण भी किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली की विभिन्न पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं तथा मैदानों में लाइटों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि युवा रात के समय भी खेल गतिविधियों में भाग ले सकें। उन्होंने दंगल कमेटी, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को इस आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि खेलों को प्रोत्साहित करने में समाज की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।

मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मपुर में दंगल के आयोजन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर लंबरदार का विशेष आभार जताया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने मेले में पहुंचे लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेलों के प्रति उनका उत्साह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री की स्मृति में दंगल के आयोजन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।

Exit mobile version