धर्मशाला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को कांगड़ा जिला के धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तंगरोटी में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत जन शिकायतें सुनी। इस अवसर पर उन्होंने स्थानीय महिला मंडलों के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने रामेड़-तंगरोटी संपर्क मार्ग, तंगरोटी संपर्क मार्ग की टारिंग और निकटवर्ती सड़क मार्गों के लिए भी धनराशि जारी करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा जिला को राज्य की पर्यटन राजधानी घोषित किया है, जिसके दृष्टिगत क्षेत्र में अनेक पर्यटन परियोजनाओं को साकार रूप दिया जा रहा है।
इससे आगामी समय में स्थानीय लोगों के लिए आमदनी के नए साधन सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 460 करोड़ रुपये जारी किए हैं और इसका कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के विस्तारीकरण से इसके समीपवर्ती क्षेत्रों में जमीन की कीमतों में वृद्धि होगी और क्षेत्र में पर्यटकों की आमद में भी बढ़ोतरी होगी जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ होगी। मुख्यमंत्री ने धर्मशाला उप-चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी बहुत कम अंतर से हारे थे। कांग्रेस से भाजपा में गए उम्मीदवार से देवेंद्र जग्गी हारे, लेकिन क्षेत्र के लोग देवेंद्र जग्गी के साथ मजबूती के साथ खड़े हैं।
सीएम सुक्खू ने कहा कि सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के आधुनिकीकरण पर विशेष बल दे रही है। हिमाचल प्रदेश ने हाल ही में 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य की उपलब्धि हासिल की है। राज्य अब पढ़ने और लिखने की कुशलता में देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है। एम्ज की तर्ज पर कांगड़ा जिला में डा. राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय टांडा और शिमला जिला के अटल आयुर्विज्ञान चिकित्सा अस्पताल चमियाना में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है।
टांडा चिकित्सा महाविद्यालय में पैट स्कैन मशीन स्थापित करने के लिए 28 करोड़ रुपये जारी गए हैं। इसके अलावा, एडवांस्ड सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनें भी लगाई जा रही हैं। इस अवसर पर कांग्रेस नेता देवेंद्र जग्गी ने कहा कि मुख्यमंत्री कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं पंचायतों का दौरा कर जनता से सुझाव ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मशाला से भाजपा विधायक जनता और जन शिकायतों से अनजान हैं।
उन्होंने दूध के समर्थन मूल्य में की गई वृद्धि का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे किसान और पशुपालक प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में तंगरोटी में दूध संग्रहण केंद्र का विस्तार किया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत और उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, धर्मशाला की महापौर नीनू शर्मा, एपीएमसी कांगड़ा के अध्यक्ष निशु मोंगरा, उपायुक्त हेमराज बैरवा,
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी और अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
ये भी पढ़ें- भूकंप के तेज झटके से हिली कोलकाता की धरती, डर के मारे घरों से भागे लोग… मची अफरा-तफरी

