Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

माधव नगर में आरएसएस ने निकाला पथ संचलन, पुष्पवर्षा कर किया स्वयंसेवकों का स्वागत

October 25, 2026

माधव नगर में आरएसएस ने निकाला पथ संचलन, पुष्पवर्षा कर किया स्वयंसेवकों का स्वागत

शिमला: विजयदशमी के उपलक्ष्य पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से शिमला के माधव नगर में पथ संचलन एवं नगर एकत्रीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पूर्ण गणवेश में पहुंचे स्वयंसेवकों ने कलिस्टन से दूधली तक पथ संचलन किया। मार्ग में स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं प्रांत पर्यावरण गतिविधि के सह-संयोजक पवन कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों और कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए विजयदशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विजयदशमी असत्य पर सत्य की जीत, अहंकार पर विनय की विजय और शक्ति की आराधना का प्रतीक पर्व है। यह पर्व समाज को सकारात्मक सोच, सदाचार और राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

पवन कुमार ने कहा कि विजयदशमी का दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए भी विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1925 में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की थी। उन्होंने संघ की स्थापना के उद्देश्य और समाज में राष्ट्रभावना को मजबूत करने के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संघचालक उधम सिंह गुलेरिया ने की। उन्होंने विजयदशमी के अवसर पर स्वयंसेवकों से देशप्रेम की भावना को मजबूत करने और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी क्षमता के अनुसार देश और समाज के लिए कुछ न कुछ योगदान अवश्य देना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान पथ संचलन और नगर एकत्रीकरण के माध्यम से अनुशासन, एकजुटता तथा राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया। स्थानीय लोगों की ओर से पुष्पवर्षा कर किया गया स्वागत भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें