
Rumit Thakur Questions BJP’s Hindutva Politics : शिमला। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष रुमित सिंह ठाकुर ने शिमला के केसी विलास होटल प्रोजेक्ट और उसके उद्घाटन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की मौजूदगी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने भाजपा पर हिंदुत्व के नाम पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि यदि कारोबारी साझेदारियों में विचारधारा आड़े नहीं आती तो चुनावी मंचों से हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे क्यों उठाए जाते हैं।
उन्होंने भाजपा की हिंदुत्व की राजनीति पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर दोहरे राजनीतिक रवैये का आरोप लगाया। रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा चुनाव के समय हिंदू-मुस्लिम जैसे मुद्दों को उठाकर जनता की धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक रूप से प्रभावित करने का प्रयास करती है, लेकिन जब बात अपने नेताओं के व्यावसायिक रिश्तों और कारोबारी साझेदारियों की आती है तो विचारधारा पीछे छूट जाती है। उन्होंने शिमला के केसी विलास (KC Vilaas) होटल प्रोजेक्ट के सयाजी होटल्स (Sayaji Hotels) के साथ व्यावसायिक सहयोग और इसके उद्घाटन समारोह में जयराम ठाकुर की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका सवाल होटल के मालिकों की धार्मिक पहचान को लेकर नहीं, बल्कि भाजपा की कथित दोहरी राजनीतिक सोच को लेकर है। उनका कहना था कि कारोबार के लिए सभी के साथ साझेदारी स्वीकार्य है तो फिर राजनीतिक मंचों से हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे क्यों उठाए जाते हैं। राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के अध्यक्ष ने संजौली मस्जिद विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि जब प्रदेश में मस्जिद निर्माण को लेकर आंदोलन चल रहा था, तब भाजपा के कई नेताओं ने सड़कों पर उतरकर बयानबाजी की और धार्मिक भावनाओं को राजनीतिक मुद्दा बनाया। वहीं, सितंबर 2024 में कांग्रेस सरकार के मंत्रियों ने पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में संजौली मस्जिद को आर्थिक सहायता दिए जाने के आरोप लगाए थे।
इन आरोपों को उस समय जयराम ठाकुर ने निराधार बताया था। रुमित सिंह ठाकुर ने भाजपा से पूछा कि क्या हिंदुत्व केवल चुनावी भाषणों और नारों तक सीमित है या पार्टी के नेता अपने आचरण में भी इन सिद्धांतों का पालन करते हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, बागवानों, युवाओं और व्यापारियों के रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी भाजपा को जवाब देना चाहिए। उन्होंने भाजपा के सामने पांच सवाल रखते हुए व्यावसायिक साझेदारियों में पारदर्शिता, संजौली मस्जिद को कथित आर्थिक सहायता के आरोपों और हिंदुत्व की राजनीति पर पार्टी से जवाब मांगा। साथ ही बेरोजगारी, महंगाई और किसान-बागवानों की समस्याओं पर भाजपा की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए।
रुमित सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल की जनता भाजपा और कांग्रेस की पांच-पांच साल सत्ता में रहने की राजनीति से परेशान हो चुकी है। दोनों दल बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन आम जनता के बुनियादी मुद्दे आज भी हल नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी प्रदेश में ईमानदार, जवाबदेह और जनहित के मुद्दों पर आधारित तीसरा राजनीतिक विकल्प स्थापित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता को भाजपा और कांग्रेस के सत्ता के खेल में उलझने की जरूरत नहीं है। पांच साल तुम्हारा, पांच साल हमारा—अब यह खेल नहीं चलेगा। प्रदेश को ऐसी राजनीति की जरूरत है जो सत्ता हासिल करने के बजाय जनता के सवालों और समस्याओं के लिए संघर्ष करे।