शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में बूथ संख्या 112 के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल, प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा, कार्यालय सचिव किरण बावा, प्रेम ठाकुर तथा बूथ कार्यकर्ता प्रभात, रवि सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत संजीव कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ने का सशक्त माध्यम है। प्रधानमंत्री द्वारा नशे के विरुद्ध दिया गया संदेश अत्यंत महत्वपूर्ण है। हिमाचल प्रदेश में भी नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ नशे की तस्करी और उसके बढ़ते प्रसार का गंभीरता से आकलन किया जाना चाहिए। प्रदेश सरकार को नशे की रोकथाम के लिए ठोस निर्णय लेने चाहिए तथा शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार द्वारा नशे के विरुद्ध आयोजित मैराथन महज प्रचार का माध्यम बनकर रह गई हैं। इन आयोजनों के लिए उद्योगपतियों और व्यापारियों से धन एकत्रित किए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने सरकार से इसका विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि टी-शर्ट बांटने, प्रचार-प्रसार और मैराथन आयोजित करने के साथ धरातल पर इनके परिणामों का भी आकलन होना चाहिए।
कटवाल ने कहा कि केवल मैराथन दौड़ने से चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों का खात्मा नहीं होगा। इसके लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, प्रभावी रणनीति और कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की आवश्यकता है। नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के साथ नशे से प्रभावित युवाओं के उपचार एवं पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। हिमाचल की युवा पीढ़ी को नशे से बचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है।
📍 Location: शिमला (शिमला)