Site icon Dainik Savera Times

सतलुज जल विद्युत निगम कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने अपनी मांगों और वेतन बढ़ोतरी को लेकर किया प्रदर्शन

रामपुर बुशहर (मीनाक्षी): सतलुज जल विद्युत निगम कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी ने 22 जून को दिए गए मांग पत्र पर यूनियन से बातचीत न करने के विरोध में समस्याओं को लेकर झाकड़ी में प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को सम्बोधित करते हुए सीटू ज़िला अध्यक्ष कुलदीप सिंह, रणजीत ठाकुर, यूनियन अध्यक्ष गुर दास व महासचिव कामराज ने कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन 1500 मेगावाट यूनियन के द्वारा प्रबंधन को 22 जून को मांगपत्र दिया है। जिसमें यूनियन ने कहा है कि वर्तमान में मिल रहे वेतन से मज़दूर अपने व अपने परिवार का गुजारा नहीं कर पा रहा है। मजदूरों को औसतन कैलोरी भोजन प्रतिव्यक्ति प्रतिदिन, कपड़ा, ईंधन, बिजली, बच्चो की शिक्षा का खर्चा, स्वास्थ्य खर्चा और अन्य त्योहार व सामजिक खर्चे का वहन नहीं हो पा रहा है। साथ ही मजदूरों के लिए पदोन्नति नीति बनाकर मजदूरों की पदोन्नति की जाए।

यूनियन ने कहा कि परियोजना में कार्यरत समस्त मजदूरों का सामूहिक बीमा किया जाए। सावड़ा कुड्डू जल विद्युत परियोजना की तर्ज पर रहने के लिए क्वार्टर दिए जाए। परियोजना कार्यरत मजदूरों को, जो परियोजना की बसों से यात्रा नहीं करते उन्हें रामपुर हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट की तर्ज पर यात्रा भत्ता दिया जाए। प्रबंधन द्वारा जानबूझकर मजदूरों की मांगों पर बातचीत व समस्याओं का निदान नहीं किया जा रहा है। मांगपत्र पर प्रबंधन का यूनियन के साथ बातचीत ना करना प्रबंधन का मजदूर विरोधी के अड़ियल रवैये को दर्शाता है। मजदूर नेताओं ने कहा बड़े दुख की बात है कि वर्ष 2023 के 7 महीने समाप्त होने को है परंतु नाथपा साइड के मजदूरों को अभी तक 2022 का बोनस व लीव सैलरी नहीं मिली जो कि गैरकानूनी है। प्रदर्शन में राजकुमार,विद्या, निशा, राकेश, पार्वती, शुरम लाल बांष्टु, राजेन्द्र भंडारी, राजेश, शुरम लाल, कली, कौल राम, दिल मुनि, कमला, जिया लाल, प्यारे लाल, दौलत राम, तिलक, पवन ठाकुर, देवेन्द्र आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version