Say No to Firecrackers, Celebrate Green Diwali : कुल्लू। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त दीपावली का संदेश देने के लिए राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला महादेव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। विद्यार्थियों ने नारा लेखन, रंगोली और जागरूकता रैली के माध्यम से पटाखे न जलाने तथा पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘स्वच्छ दीपावली, हरित दीपावली – पटाखों को कहें ना’ रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी और प्रभारी चमन लाल ने की। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं, पर्यावरण संरक्षण और पटाखों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए रैली भी निकाली गई। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को मिट्टी के पारंपरिक दीये वितरित किए गए।
चमन लाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पटाखों से वायु एवं ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, जिसका बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, खुशियों और आपसी सौहार्द का पर्व है। इसे पटाखों के बजाय मिट्टी के दीये जलाकर और पर्यावरण अनुकूल गतिविधियों के माध्यम से मनाना चाहिए। साथ ही अभियान के तहत सुंदरनगर क्षेत्र के दुकानदारों को भी ग्रीन क्रैकर्स (हरित पटाखों) के संबंध में जागरूक किया गया।
उन्हें पटाखों से होने वाले पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देकर प्रदूषण कम करने में सहयोग देने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर वैज्ञानिक अधिकारी प्रोमिला शर्मा, कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी शबनम एवं पूजा शर्मा, रितिका कुमारी, कल्पना शर्मा, बेली राम सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेंद्र ठाकुर, उपप्रधानाचार्या ललिता, एसएमसी प्रधान गुरनाम सिंह, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

