Site icon Dainik Savera Times

हिमाचल की ऊंची चोटियों पर सीजन की पहली बर्फबारी

कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पर्यटन नगरी कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में हुई ताजा बर्फबारी और बारिश के बाद पूरे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का प्रकोप अचानक बढ़ गया है। विश्व प्रसिद्ध रोहतांग दर्रे सहित लामातुश, कुंजुम पास और बारालाचा जैसी ऊंची चोटियों पर हिमपात दर्ज किया गया है।

जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलांग और आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बर्फबारी और बारिश का दौर जारी है, जिससे चारों तरफ सफेदी छा गई है। कुल्लू की लगघाटी और मणिकर्ण घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी तथा निचले और मध्यम इलाकों में लगातार बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।

प्रसिद्ध मणिकर्ण घाटी और लगघाटी की पहाड़ियों पर भी बर्फ की हल्की चादर बिछ गई है। इस अचानक हुए मौसम बदलाव से घाटी में ठिठुरन बढ़ गई है। लगातार बर्फबारी और बारिश के कारण सड़क मार्गों पर फिसलन बढ़ गई है, जिससे यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ है।

स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों और वाहन चालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी है। उधर, इस बर्फबारी से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों तथा बागवानों और किसानों के चेहरों पर थोड़ी राहत जरूर है, क्योंकि इसे फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है, लेकिन ठंड बढ़ने से सामान्य जनजीवन जरूर प्रभावित हुआ है।

Exit mobile version