Last Updated: October 29, 2026

Dainik Savera Times Logo

हिमाचल विधानसभा सत्र में सुरक्षा के इंतजाम, 750 जवान संभालेंगे मोर्चा

August 7, 2026

हिमाचल विधानसभा सत्र में सुरक्षा के इंतजाम, 750 जवान संभालेंगे मोर्चा Security arrangements for Himachal Assembly session : शिमला। विधानसभा के मानसून सत्र को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में 750 पुलिस जवान तैनात रहेंगे, जबकि ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा आपात स्थिति के लिए एंबुलेंस, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
विधानसभा सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं : अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सुरक्षा में कोई भी चूक कतई बर्दाशत नहीं की जाएगी। उन्होने कहा कि विधान सभा की बाहरी तथा आन्तरिक सुरक्षा महत्वपूर्ण है। अध्यक्ष द्वारा जारी निर्देश संख्या-140 की अक्षरक्षः अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी ताकि आसन से जारी आदेश की कोई अवहेलना न हो। उन्होने कहा कि सदस्यों को सदन तक पहुँचने में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा उनकी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग द्वारा धरना प्रदर्शन के दौरान ड्रॉन कैमरा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। इसके अतिरिक्त विधान सभा परिसर में एक एम्बुलैंस जो आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी व दो डॉक्टर तथा पैरामेडिकल स्टॉफ भी डयूटी पर तैनात रहेगे। कोई भी अधिकारी, आगन्तुक तथा मिडिया कर्मी सदन के अन्दर फोटाग्राफी तथा विडियोग्राफी नहीं कर सकेंगे।
विधानसभा में प्रवेश पास अब होंगे हस्तलिखित
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सभी प्रवेश पत्र online के बजाए हस्तलिखित माध्यम से जारी किए जाएंगे चूँकि हमने अभी हाल ही में हिमाचल ई-विधान को छोड़कर राष्ट्रीय ई-विधान (नेवा) को अपनाया है जिसका कार्य अभी प्रगति पर है। बैठक में सदस्यों तथा सत्र के कार्य से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को कम से कम असुविधा हो के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया कि विधान सभा सचिवालय द्वारा जारी अधिकारी दीर्घा पास, स्थापना पास तथा प्रैस संवाददाताओं को जारी किए पास प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएंगे ताकि सुरक्षा कर्मियों द्वारा फ्रिस्किंग की कम से कम आवश्यकता रहे। बैठक में निर्णय लिया गया कि विधान सभा परिसर की मुख्य पार्किंग में केवल मंत्रियों, विधायकों, मुख्य सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिवों एवं प्रशासनिक सचिवों के वाहनों को ही पार्किंग करने की अनुमति प्रदान की जाएगी। प्रैस संवाददाताओं के लिए विधान सभा चौक से गेट नं0 2 (30 मीटर दूर) तक गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी जबकि विधान सभा सचिवालय अधिकारियों / कर्मचारियों को गेट नं0 2 (30 मीटर दूर) से महालेखाकार कार्यालय के बीच मॉल रोड़ पर चिन्हित स्थानों पर पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। आगे यह भी निर्णय लिया गया कि विधान सभा सचिवालय की ओर से जारी पार्किंग स्टिकरज वाहन के आगे प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि धारकों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें