हिमाचल प्रदेश: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में हुए विस्फोट के बाद पूरे देश में सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसके प्रभाव के चलते हिमाचल प्रदेश में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शिमला के प्रवेश द्वार शोघी सहित राज्य के अन्य संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में वाहनों की जांच और निगरानी तेज कर दी गई है।
राज्य पुलिस ने नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस का कहना है कि घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है, लेकिन जनता का सहयोग सुरक्षा बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है।
सुरक्षा बढ़ाने के लिए खुफिया और फील्ड स्टाफ को सतर्क कर दिया गया है। संदिग्ध वस्तुओं, अनजान वाहनों और असामान्य गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। राज्य भर में रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, हवाई अड्डे और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी कड़ी की गई है।
ये भी पढ़ें: उदित राज ने कहा,सरकार बनने पर युवाओं को मिलेगा
पुलिस ने नागरिकों से इन बातों का पालन करने का अनुरोध किया है:
किसी भी संदिग्ध वस्तु, बैग या बिना मालिक वाले वाहन को देखें तो तुरंत नज़दीकी पुलिस स्टेशन या 112 पर सूचित करें।
सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफ़ॉर्म पर अफवाहें न फैलाएँ।
भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहें और पुलिस द्वारा की जाने वाली जांच में सहयोग करें।
अपने क्षेत्र में किसी भी अज्ञात या संदिग्ध गतिविधि की सूचना स्थानीय पुलिस को दें।
पुलिस ने कहा है कि नागरिकों की सतर्कता और समय पर सूचना सुरक्षा बनाए रखने में सबसे बड़ा हथियार है। हिमाचल प्रदेश में इस समय सभी सुरक्षा बल उच्च सतर्कता पर तैनात हैं और राज्य सरकार भी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
ये भी पढ़ें : 1 मार्च से बढ़ेंगी Vivo और iQOO स्मार्टफोन की कीमतें, अन्य ब्रांड भी कर सकते हैं इजाफा

