Site icon Dainik Savera Times

शिमला: शोघी में बस की चेकिंग के दौरान 17 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

शिमला। राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी के पास हरियाणा रोडवेज की बस में चेकिंग के दौरान करीब 17 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने सुन्नी क्षेत्र के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को स्पेशल सेल शिमला की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शोघी के पास हरियाणा रोडवेज की एक बस की जांच की। इस दौरान बस में सवार दो युवकों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पंकज शर्मा (24), निवासी सुन्नी, जिला शिमला के कब्जे से करीब 9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। वहीं, दूसरे युवक पियूष चौहान (21), निवासी सुन्नी, जिला शिमला के पास से लगभग 8 ग्राम चिट्टा मिला।

पुलिस ने दोनों युवकों के कब्जे से कुल करीब 17 ग्राम चिट्टा बरामद करने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 225/2026, दिनांक 23 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी नशे की खेप कहां से लेकर आए थे तथा इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है। शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version