Site icon Dainik Savera Times

विधानसभा मानसून सत्र के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारी पैनी नजर रखें : अनुपम कश्यप

शिमला: जिला दंडाधिकारी अनुपम कश्यप ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर दृष्टि से पैनी नजर रखें। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पुलिस कर्मी बिना पूर्व सूचना के अपने ड्यूटी स्थल को न छोड़े, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

जिला दंडाधिकारी आज बचत भवन में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा सुरक्षा और कानून व्यवस्था से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से सुनिश्चित करें।

विधानसभा क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटा

अनुपम कश्यप ने बताया कि मानसून सत्र के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने विधानसभा परिसर और इसके आसपास के क्षेत्र को चार सेक्टरों में विभाजित किया है तथा प्रत्येक सेक्टर के लिए सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। सेक्टर-1 और सेक्टर-2 में हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के आंतरिक एवं बाहरी क्षेत्र की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह को सौंपी गई है। सेक्टर-3 में कैनेडी चौक से चौड़ा मैदान तक के क्षेत्र की जिम्मेदारी एचपीएस अधिकारी प्रवीर ठाकुर संभालेंगे, जबकि सेक्टर-4 की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर को सौंपी गई है।

जिला दंडाधिकारी ने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों और कानून व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

व्यापक सुरक्षा योजना तैयार : एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह ने बताया कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के लिए व्यापक सुरक्षा योजना तैयार कर ली गई है। इस संबंध में संबंधित सभी पुलिस अधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस विभाग द्वारा हर पहलू पर पैनी नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून एवं व्यवस्था का उल्लंघन न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाएगा। साथ ही, सीआईडी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जाएगा।

ये रहे उपस्थित

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवर सहित जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सेक्टर अधिकारी उपस्थित रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version