Site icon Dainik Savera Times

संविधान दिवस पर शिमला में माकपा का प्रदर्शन, मोदी सरकार पर संवैधानिक अधिकारों के हनन का लगाया आरोप

शिमला। संविधान दिवस के अवसर पर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की शिमला जिला कमेटी ने राष्ट्रीय आह्वान के तहत उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर संवैधानिक अधिकारों, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान में निहित मूल्यों पर हमला करने का आरोप लगाया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय संविधान की रक्षा की शपथ ली और एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रतियां जलाकर चुनाव आयोग की कथित पक्षपातपूर्ण भूमिका के खिलाफ विरोध जताया।

प्रदर्शन में पार्टी के राज्य सचिव संजय चौहान, जिला सचिव विजेंद्र मेहरा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाग लिया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भारतीय संविधान की रक्षा, लोकतंत्र को मजबूत करना, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की हिफाजत करना पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है।

वक्ताओं ने कहा कि संविधान दिवस पार्टी के लिए केवल औपचारिक उत्सव नहीं है, बल्कि संविधान में निहित लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक परिवर्तन के मूल्यों को लागू करने के संघर्ष का अवसर है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक व्यवस्था का केंद्रीकरण कर रही है। राज्यों के अधिकारों पर हमले कर संघीय ढांचे को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने एसआईआर को लेकर आरोप लगाया कि इसके माध्यम से मेहनतकश जनता, दलितों, पिछड़ों, वंचितों, आदिवासियों, महिलाओं और गरीब तबकों के मताधिकार को प्रभावित किया जा रहा है।

वक्ताओं ने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता और स्वायत्तता पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग की भूमिका निष्पक्ष नहीं रह गई है और चुनावी प्रक्रिया में धांधलियां हो रही हैं। जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि सांप्रदायिक शक्तियां और बहुराष्ट्रीय कंपनियां मिलकर देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे को नुकसान पहुंचा रही हैं। इससे देश की एकता और अखंडता के सामने खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के संरक्षण में बड़े पूंजीपति देश के आर्थिक और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रहे हैं। देश में अमीरी-गरीबी की खाई लगातार बढ़ रही है, महंगाई और बेरोजगारी आम जनता की मुश्किलें बढ़ा रही हैं तथा शिक्षा आम आदमी की पहुंच से दूर होती जा रही है।

उन्होंने दलितों, पिछड़ों, वंचितों, आदिवासियों, महिलाओं और मेहनतकश वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक सद्भाव, सामाजिक-आर्थिक न्याय और राज्यों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक आंदोलन की जरूरत है। प्रदर्शन में फाल्मा चौहान, महेश वर्मा, अमित कुमार, बालक राम, राम सिंह, रंजना जरेट, सुनिधि ठाकुर, विवेक कश्यप, रंजीव कुठियाला, सोनिया सबरवाल, रमा रावत, सन्नी सिकटा, प्रताप चौहान, कपिल नेगी, दलीप सिंह, सुनील वशिष्ठ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version