Dainik Savera Times

भाजपा बुनकर प्रकोष्ठ के 10 जिलों में जिला संयोजक नियुक्त

शिमला। भारतीय जनता पार्टी यानी भाजपा हिमाचल प्रदेश बुनकर प्रकोष्ठ ने संगठन को जिला स्तर पर मजबूत करने के लिए 10 जिलों में जिला संयोजकों की नियुक्ति की है। प्रदेश संयोजक शिव शरण चौहान ने प्रदेश नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद इन नियुक्तियों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

नवनियुक्त जिला संयोजकों में शिमला से गज्जू सूद, हमीरपुर से कांता देवी, सुंदरनगर से विक्की शर्मा, ऊना से प्रेम चंद, नूरपुर से संजीव कुमार, लाहौल-स्पीति से प्रेम सिंह, पालमपुर से सुरेंद्र कुमार, किन्नौर से विद्या सागर, मंडी से लाल दास तथा चंबा से बिमला देवी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शिव शरण चौहान ने कहा कि भाजपा संगठन के प्रत्येक प्रकोष्ठ को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में बुनकर प्रकोष्ठ को जिला स्तर पर सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला संयोजकों की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि इससे बुनकर समाज से जुड़े लोगों को पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि बुनकर प्रकोष्ठ का उद्देश्य बुनकरों, हस्तशिल्पियों और पारंपरिक कारीगरों के साथ संवाद स्थापित करना तथा उनके सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों को संगठन के समक्ष उठाना है। जिला संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और बुनकर समाज की समस्याओं एवं सुझावों को प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

चौहान ने सभी नवनियुक्त जिला संयोजकों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version