Last Updated: October 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

एसआईआर के नाम पर मताधिकार छीनना लोकतंत्र और संविधान पर हमला: कुलदीप राठौर

October 14, 2026

एसआईआर के नाम पर मताधिकार छीनना लोकतंत्र और संविधान पर हमला: कुलदीप राठौर

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया है कि भाजपा चुनाव आयोग की निष्पक्षता और संवैधानिक गरिमा को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के नाम पर देश के 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने की आशंका लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने इसे वोट चोरी करार देते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान के अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी।

राठौर बुधवार को कोटगढ़ में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के साथ मिलकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त को उनके पद से बर्खास्त किया जाए और उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया जाए।

राठौर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश में लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस संघर्ष में देश और प्रदेश के लोगों को आगे आकर उनका साथ देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनी हुई विपक्षी सरकारों को अस्थिर करने की नीति पर काम करती रही है और अब मताधिकार के मुद्दे पर भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और वोट की अहमियत समझने का आह्वान किया। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।

जिला कांग्रेस ग्रामीण चलाएगी जागरूकता अभियान

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार के निर्देशानुसार शिमला जिला सहित प्रदेशभर में लोगों को मताधिकार के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस ग्रामीण के सभी ब्लॉकों में भाजपा पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया जाएगा और विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।

बैठक और धरना प्रदर्शन में पूर्व जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुधीर भैक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ठियोग के अध्यक्ष संजय शर्मा सहित ममता ठाकुर, भूपेंद्र कौशल, प्रेम कैंथला, मजेंद्र राजटा, कृतिका नेगी, नवीन कल्टा, सतीश भैक, मीरा शर्मा, संगीता, रंजना, संजीव, कृष्ण पाल, टेक चंद भैक, रूपेश कंवर, प्रकाश शर्मा, संदीप भारद्वाज, ज्ञान गेटा, शीतल भैक, लाल चंद चंदेल, शर्मिला भैक और घनश्याम सहित कई पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

बैठक और धरना प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कोटगढ़ के तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मताधिकार की रक्षा और चुनाव आयोग की निष्पक्षता सुनिश्चित करना लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें