Site icon Dainik Savera Times

कमला नेहरू अस्पताल में गायनी ओपीडी बहाल करने की मांग, महिला समिति ने किया प्रदर्शन

शिमला। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की जिला कमेटी ने शनिवार को कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) की गायनी ओपीडी को आईजीएमसी से वापस लाने की मांग को लेकर संबंधित कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। समिति ने कहा कि कमला नेहरू अस्पताल में गायनी ओपीडी की सुविधा बहाल करना जरूरी है, ताकि महिलाओं को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

महिला समिति के अनुसार, आईजीएमसी में अलग से गायनी ओपीडी संचालित की जा सकती है, लेकिन कमला नेहरू अस्पताल में भी यह सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए। ओपीडी की कमी के कारण शिमला शहर सहित दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें गायनी संबंधी उपचार के लिए आईजीएमसी और केएनएच के बीच भटकना पड़ता है। समिति लंबे समय से कमला नेहरू अस्पताल को बचाने और यहां स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान समिति ने अस्पताल में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कमी दूर करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा अस्पताल में विभिन्न टेस्ट और स्पेशल वार्डों के बढ़ाए गए दामों पर रोक लगाने की मांग की गई। समिति ने चेतावनी दी कि यदि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान नहीं लेती है, तो अगले महीने राज्यस्तर पर जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन को जिला सचिव सोनिया शबरवाल, जिला अध्यक्ष पूजा कंवर, जिला कोषाध्यक्ष रमा रावत और राज्य सचिव फालना चौहान ने संबोधित किया। उन्होंने मांगें पूरी न होने पर आगामी आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में दीपा, आशा, डोली, नैना, प्रोमिला, मीरा, रेणु धवन सहित कई महिलाओं ने भाग लिया।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version