Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

52वें दिन भी जारी रहा प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन, मांगें पूरी न होने पर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

September 15, 2026

52वें दिन भी जारी रहा प्राथमिक शिक्षकों का क्रमिक अनशन, मांगें पूरी न होने पर दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का अपनी विभिन्न न्यायोचित मांगों को लेकर निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में चल रहा क्रमिक अनशन मंगलवार को 52वें दिन भी जारी रहा। प्रदेशभर के प्राथमिक शिक्षक आंदोलन में लगातार भागीदारी कर सरकार से मांगों के शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।

मंगलवार को जिला सिरमौर के PTF ब्लॉक पौंटा साहिब के पदाधिकारियों ने क्रमिक अनशन में हिस्सा लिया। इनमें PTF ब्लॉक पौंटा साहिब के अध्यक्ष राजेश भारद्वाज, PTF सिरमौर के जिला कार्यकारी अध्यक्ष पूरण तोमर, ब्लॉक महासचिव राम लाल हांडा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रमणि शर्मा और ब्लॉक महालेखाकार मोहन लाल शर्मा शामिल रहे। शिक्षकों ने अनशन पर बैठकर सरकार से उनकी सभी न्यायोचित मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की।

संघ ने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और गांधीवादी तरीके से चलाया जा रहा है। शिक्षक संघ के अनुसार, यदि सरकार जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और तेज किया जाएगा। संघ के निर्णय के अनुसार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर शिमला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एक दिवसीय उपवास किया जाएगा। इसके बाद शाम को कैंडल मार्च निकाला जाएगा।

वहीं, प्रदेशभर के शिक्षक काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करेंगे। इसके बाद विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को शिक्षकों की मांगों से संबंधित मांगपत्र सौंपा जाएगा। विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई है। गौरतलब है कि प्राथमिक शिक्षकों का यह आंदोलन 11 जुलाई 2026 को पैदल न्याय यात्रा के माध्यम से शिमला पहुंचने के बाद आगे बढ़ा था।

इसके बाद 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में विशाल धरना आयोजित किया गया और फिर निदेशालय स्कूल शिक्षा के बाहर क्रमिक अनशन शुरू किया गया। शिक्षक संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन पूरी एकजुटता, अनुशासन और गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें