Site icon Dainik Savera Times

शिमला: कुमारसैन में 9 ग्राम चिट्टे के साथ सिरमौर का 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार

शिमला। शिमला जिला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की डिटेक्शन टीम रामपुर ने कुमारसैन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 9 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी की पहचान ओम प्रकाश (20) पुत्र सुरेश ठाकुर निवासी कटोलाड़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार डिटेक्शन टीम रामपुर की पुलिस टीम ओड़ी–प्रेम नगर मार्ग पर गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम जब रेहड़ी खड्ड के समीप पहुंची तो वहां एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने संदेह के आधार पर युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पीठू बैग से करीब 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर युवक को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में पुलिस थाना कुमारसैन में 8 नवंबर 2026 को FIR संख्या 87/2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 12 नवंबर 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश मिले हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। साथ ही नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version