शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में विशेष सैल शिमला की टीम ने शोघी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर एक बस की चेकिंग के दौरान करीब 12 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 2 अक्तूबर को विशेष सैल शिमला की टीम पुलिस चौकी शोघी के नजदीक एनएच-05 पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस को रोककर तलाशी ली गई। बस में बैठे एक युवक ने पुलिस टीम को देखकर अपनी जींस की जेब से एक वस्तु निकालकर पैरों के नीचे छिपाने का प्रयास किया।
पुलिस ने जब युवक की सीट की तलाशी ली तो वहां से Gold Flake सिगरेट की एक डिब्बी बरामद हुई। डिब्बी के अंदर पारदर्शी पॉलीथीन पाउच में हल्के भूरे रंग का डलीनुमा और पाउडरनुमा पदार्थ रखा था। जांच के बाद पदार्थ चिट्टा/हेरोइन पाया गया, जिसका वजन करीब 12 ग्राम था।
पुलिस ने मौके पर युवक की पहचान मयंक नेगटा (25), पुत्र भूपेन्द्र सिंह नेगटा, निवासी तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में की। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेने के बाद पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 208/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में नशीले पदार्थ की सप्लाई और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
📍 Location: शिमला (शिमला)

