Site icon Dainik Savera Times

शिमलाः ढली में 20 ग्राम हेरोइन बरामद, आरोपी गिरफ्तार

शिमला। राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना ढली की टीम ने एक वाहन से 20 ग्राम हेरोइन बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अनुराग माजटा निवासी चौपाल, जिला शिमला, वर्तमान निवासी बलदियां, शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को पुलिस थाना ढली की टीम मशोबरा रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को नशे की खेप के संबंध में गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दुर्गा माता मंदिर के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को एक पॉलीथीन पैकेट बरामद हुआ। पैकेट की जांच करने पर उसमें 20 ग्राम हेरोइन/चिट्टा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी अनुराग माजटा को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में पुलिस थाना ढली में अभियोग संख्या 95/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और वाहन को भी जांच के दायरे में लिया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी को आगामी कार्रवाई के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया था तथा इसकी आपूर्ति में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version