शिमला। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सदर शिमला में दर्ज एनडीपीएस मामले की जांच के दौरान सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपी को चंडीगढ़ के मनीमाजरा से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 8 सितंबर को पुलिस थाना सदर में अभियोग संख्या 119/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने कृष्णानगर निवासी 25 वर्षीय सनमजीत और 22 वर्षीय सुमित सपरा को गिरफ्तार किया था। दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 5 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था।
मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की और नशे की सप्लाई चेन से जुड़े संपर्कों की पड़ताल की। जांच के दौरान सामने आए बैकवर्ड लिंक के आधार पर मनीमाजरा, चंडीगढ़ निवासी 31 वर्षीय गौरव तिशावर की कथित संलिप्तता सामने आई। इसके बाद शिमला पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मनीमाजरा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक सहकारी बैंक में कार्यरत है। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार, वह नौकरी के अलावा कथित तौर पर मादक पदार्थों की बिक्री से अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करता था। आरोपी की मनीमाजरा स्थित रिहायश की तलाशी के दौरान पुलिस ने 9.31 ग्राम अतिरिक्त हेरोइन/चिट्टा बरामद किया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों और संपर्कों की भी जांच कर रही है।
📍 Location: शिमला (शिमला)