Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमलाः नवबहार में तीन युवकों से छह ग्राम चिट्टा बरामद, तीनों गिरफ्तार

November 18, 2026

शिमलाः नवबहार में तीन युवकों से छह ग्राम चिट्टा बरामद, तीनों गिरफ्तार

शिमला। राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस थाना ईस्ट शिमला की टीम ने नवबहार स्थित स्टोक्स भवन लिंक रोड पर गश्त के दौरान तीन युवकों को चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब छह ग्राम चिट्टा बरामद किया है। तीनों आरोपी संजौली क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना ईस्ट शिमला की टीम नाभाबार स्थित स्टोक्स भवन लिंक रोड पर नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस कर्मियों की नजर सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़े तीन व्यक्तियों पर पड़ी। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर तीनों को रोककर उनकी तलाशी लेने का निर्णय लिया। इस दौरान स्वतंत्र गवाह की मौजूदगी में तीनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लगभग छह ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान संजू (22) पुत्र शंकर निवासी संजौली, सूरज (30) पुत्र जंग बहादुर निवासी संजौली तथा अर्जुन (22) पुत्र वीर बहादुर निवासी संजौली, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस थाना ईस्ट शिमला में इस संबंध में 15 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 110/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने तीनों का तीन दिन का रिमांड हासिल किया है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उनके पास चिट्टा कहां से आया था और क्या वे स्वयं नशे का सेवन करते हैं या इसके अवैध कारोबार से भी जुड़े हुए हैं। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों और नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगामी जांच जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें