Site icon Dainik Savera Times

शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रामपुर में 18 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

रामपुर। शिमला पुलिस की ओर से नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना रामपुर की डिटेक्शन सेल टीम ने एनएच-05 पर एमजीएमसी खनेरी के समीप कार्रवाई करते हुए दो युवकों को करीब 18 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 10 अक्टूबर 2026 को डिटेक्शन सेल, उपमंडल रामपुर की टीम एनएच-05 पर एमजीएमसी खनेरी के नजदीक गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर दो व्यक्तियों की जांच की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 18 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव पुत्र कृपाल, निवासी तहसील मूनक, जिला संगरूर, पंजाब, उम्र 23 वर्ष तथा राहुल पुत्र कृष्ण सिंह, निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस थाना रामपुर में एफआईआर नंबर 108/2026 दिनांक 11 अक्टूबर 2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को माननीय मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास चिट्टा/हेरोइन कहां से पहुंची और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले में नशे की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version