हिमाचल डेस्क: शिमला पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो लोगों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 7 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई स्पेशल सेल शिमला ने गुप्त सूचना के आधार पर की।
पुलिस को जानकारी मिली थी कि दो व्यक्ति चंडीगढ़ से हेरोइन लाकर शिमला के नए बस स्टैंड इलाके में इसकी सप्लाई करने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान उनकी मोटरसाइकिल की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संकल्प शर्मा (26), निवासी टूटीकंडी, शिमला और श्याम लाल (36), निवासी नगान, तहसील कोटखाई, जिला शिमला के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

