Site icon Dainik Savera Times

56 ग्राम चिट्टा बरामदगी मामले में शिमला पुलिस की कार्रवाई मुख्य सप्लायर पंजाब के मुकेरियां से गिरफ्तार

शिमला। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चिट्टा सप्लाई नेटवर्क के मुख्य आरोपी को पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस की स्पेशल सेल ने 56 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में फरार चल रहे मुख्य सप्लायर युगराज पुत्र प्यार चंद, निवासी कोटी, तहसील जुन्गा, जिला शिमला को पंजाब के मुकेरियां से दबोचने में सफलता हासिल की है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए पंजाब में छिपा हुआ था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 15 और 16 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि को शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर लोअर चक्कर स्थित एक आवासीय कमरे में दबिश दी थी। इस दौरान कमरे में मौजूद हीना नामक महिला के कब्जे से 56 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया था। मामले में पुलिस थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 218/26, दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को ND&PS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान युगराज का नाम मुख्य सप्लायर के रूप में सामने आया था, जिसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

महिला के क्वार्टर को बनाया था सप्लाई का ठिकाना

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी युगराज ने चिट्टे की सप्लाई के लिए एक महिला से संपर्क स्थापित किया था और उसके क्वार्टर को नशे की सप्लाई का ठिकाना बना रखा था। आरोपी अपने अन्य साथियों की मदद से शिमला में नशे का कारोबार चला रहा था। जांच में उसके अंतरराज्यीय नशा तस्करों के साथ संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और नशे की सप्लाई के स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।

पहले भी चिट्टा तस्करी में पकड़ा जा चुका है आरोपी

जांच में यह भी सामने आया है कि युगराज का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पंजाब के मोहाली (एसएएस नगर) में भी चिट्टा तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। वहां उसके खिलाफ अभियोग संख्या 66/22 के तहत 20 ग्राम हेरोइन बरामद होने का मामला दर्ज किया गया था। मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी को कोटी-जुन्गा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय नशा सप्लाई नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। शिमला पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल मुख्य सप्लायरों और उनके नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version