Site icon Dainik Savera Times

शिमला पुलिस की अपराध-सह-कल्याण बैठक में नशा तस्करी पर सख्ती के निर्देश, सप्लाई नेटवर्क ध्वस्त करने पर जोर

शिमला। जिला शिमला पुलिस की अपराध-सह-कल्याण बैठक पुलिस अधीक्षक शिमला गौरव सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला के सभी पर्यवेक्षण अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान जिला में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अन्वेषण की गुणवत्ता, निवारक कार्रवाई तथा पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करते हुए नशा तस्करी के मामलों में गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने, गिरफ्तार आरोपियों से बैकवर्ड लिंकages विकसित कर मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने तथा पूरे तस्करी नेटवर्क को ध्वस्त करने पर विशेष जोर दिया गया। नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों की पहचान एवं जब्ती के लिए वित्तीय अन्वेषण करने, तस्करों के विरुद्ध PIT-NDPS Act के तहत निवारक निरोध की कार्रवाई करने तथा नशा तस्करी से जुड़े अवैध अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, RUSTOM योजना के तहत थाना प्रभारियों को युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों में।जोड़कर उन्हें नशे जैसी बुराई से दूर रखने के लिए सार्थक प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों के अन्वेषण की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मामलों में साक्ष्य संकलन, अन्वेषण की गुणवत्ता एवं समयबद्ध निपटारे पर विशेष ध्यान दिया जाए। गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने, लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अपराध की रोकथाम के लिए निवारक कार्रवाई को और मजबूत करने, आदतन अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क एवं सक्रिय पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक के दौरान पुलिस कर्मचारियों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने सभी अधिकारियों को पेशेवर दक्षता, अनुशासन, जवाबदेही एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।

📍 Location: शिमला (शिमला)

Exit mobile version