शिमला: पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुपवी क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती का पता लगाया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खेत से भांग के कुल 811 पौधे बरामद किए हैं। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को पुलिस थाना कुपवी की टीम मालत, कोठी, जुब्बली समेत आसपास के क्षेत्रों में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मंगत राम पुत्र चेतू, निवासी तहसील कुपवी, अपने खेतों में अवैध रूप से भांग के पौधे उगा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने संबंधित गांव में पहुंचकर खेतों की जांच की। जांच के दौरान खेतों में बड़ी संख्या में भांग के पौधे उगे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके पर पटवारी को बुलाकर भूमि की पहचान करवाई। इसके बाद नायब तहसीलदार कुपवी की मौजूदगी में भांग के पौधों को उखाड़ने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने मौके से कुल 811 भांग के पौधे बरामद किए। इनमें से 20 पौधों को बतौर नमूना जब्त कर लिया गया, जबकि बाकी 791 पौधों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस कार्रवाई के संबंध में पुलिस थाना कुपवी में अभियोग संख्या 26/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी मंगत राम के खिलाफ धारा 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अवैध भांग की खेती से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
📍 Location: शिमला (शिमला)