शिमला। जिला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिमला पुलिस की डिटेक्शन सेल, उपमंडल ठियोग की टीम ने देहा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कार सवार दो युवकों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। दोनों आरोपी जिला शिमला के रोहड़ू क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान टीम जब नैना बाबा कुटिया के समीप पहुंची तो वहां एक कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस टीम ने शक के आधार पर कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से करीब 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोनी (34) पुत्र भगवान चंद निवासी समरकोट, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला और अमन कुमार (35) पुत्र जय देव निवासी बरला, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना देहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इस संबंध में पुलिस थाना देहा में 9 नवंबर 2026 को एफआईआर संख्या 37/2026 दर्ज की गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करेगी।
फिलहाल मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों के पास चिट्टा कहां से आया था और क्या वे इसे किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने की फिराक में थे। साथ ही इस मामले में नशे की आपूर्ति से जुड़े संभावित संपर्कों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
📍 Location: शिमला (शिमला)

