Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

दीपावली से पहले शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रोहड़ू और ठियोग में अवैध पटाखों के दो मामले दर्ज

November 3, 2026

दीपावली से पहले शिमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रोहड़ू और ठियोग में अवैध पटाखों के दो मामले दर्ज

शिमला। दीपावली के त्योहार को देखते हुए जिला शिमला पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने रोहड़ू और ठियोग क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से त्योहार के दौरान बिना लाइसेंस पटाखों का कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर को रोहड़ू बाजार में पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपर बाजार रोहड़ू निवासी अजय कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय मिठू राम अपनी दुकान में बिना किसी वैध लाइसेंस के विभिन्न प्रकार के पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने संबंधित दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान दुकान से पटाखों के कुल 577 पैकेट बरामद किए गए, जिन्हें छह गत्ते के कार्टन में रखा गया था। पुलिस ने जब दुकानदार से पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित लाइसेंस अथवा परमिट मांगा तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर पुलिस थाना रोहड़ू में अभियोग संख्या 119/2026 दर्ज किया गया।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस चौकी फागू की टीम चेओग बस स्टैंड के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चेओग निवासी 38 वर्षीय ओम प्रकाश पुत्र मोती लाल अपने स्टोर में बिक्री के उद्देश्य से भारी मात्रा में पटाखों का अवैध भंडारण कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में संबंधित स्टोर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्टोर के तीसरे कमरे में रखे गत्ते के कार्टन से विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए। आरोपी से पटाखों के भंडारण एवं बिक्री का लाइसेंस या परमिट मांगा गया, लेकिन वह भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 164/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने दोनों मामलों में बरामद पटाखों को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 और 288 तथा विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(बी) के तहत कार्रवाई की गई है। फिलहाल दोनों मामलों में आगामी अन्वेषण जारी है।

अवैध कारोबार पर पुलिस की पैनी नजर

दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना और जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए जिला शिमला पुलिस ने पटाखों के अवैध भंडारण, वितरण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न बाजारों, दुकानों और भंडारण स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित अनुमति के पटाखों का भंडारण अथवा बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य त्योहार को सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें