Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Shimla: प्राथमिक शिक्षक संघ का सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज, 2 अक्टूबर से काली पट्टी बांधकर करेंगे शिक्षण कार्य

September 13, 2026

Shimla: प्राथमिक शिक्षक संघ का सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज, 2 अक्टूबर से काली पट्टी बांधकर करेंगे शिक्षण कार्य

शिमला। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ हिमाचल प्रदेश कार्य परिषद की बैठक शनिवार को शिक्षक भवन शिमला में राज्य अध्यक्ष रमेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 26 जुलाई 2026 को चौड़ा मैदान शिमला में प्राथमिक शिक्षकों के हित में की गई घोषणाओं को निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद लागू न किए जाने पर संघ ने गहरा रोष व्यक्त किया।

संघ ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा घोषणाओं को 5 सितंबर तक पूरा करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी मांगों को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्राथमिक शिक्षक संघ निदेशालय के समक्ष चला रहा क्रमिक अनशन मांगों पर उचित कार्रवाई होने तक जारी रहेगा।

संघ ने आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया है। 2 अक्टूबर, गांधी जयंती से प्रदेशभर के प्राथमिक शिक्षक स्कूलों में काली पट्टी अथवा काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करेंगे। यह विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा। वहीं, शीतकालीन विधानसभा सत्र से पहले प्रदेश के सभी 68 विधायकों को ज्ञापन भेजकर प्राथमिक शिक्षकों की मांगों से अवगत करवाया जाएगा।

संघ ने आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया है। इसके अलावा 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर शिमला में गांधी प्रतिमा के समक्ष सत्याग्रह और उपवास किया जाएगा। शाम के समय संघ की ओर से कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा।

बैठक में संघ ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बावजूद मांगों को लागू करने की दिशा में नाममात्र की भी प्रगति नहीं हुई है। संघ के अनुसार, इसके विपरीत सीबीएसई बनाए गए स्कूलों में प्राथमिक शिक्षकों की प्रमोशनल पोस्ट सीएचटी को समाप्त कर दिया गया है। वहीं, अंडर-14 और अंडर-19 खेल प्रतियोगिताएं शुरू कर दी गई हैं, लेकिन प्राथमिक स्कूलों की अंडर-12 खेल प्रतियोगिताएं अभी तक शुरू नहीं की गई हैं।

संघ ने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा सत्र के दौरान शिक्षा मंत्री की ओर से मुख्यमंत्री की 26 जुलाई की घोषणाओं के विपरीत वक्तव्य दिया गया, जिससे शिक्षकों में नाराजगी और बढ़ी है। प्राथमिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि चौड़ा मैदान में 26 जुलाई को की गई घोषणाओं को शीघ्र लागू किया जाए, ताकि प्रदेश के प्राथमिक शिक्षकों में व्याप्त रोष समाप्त हो और सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।

बैठक में राज्य महासचिव रजनीश कौशिक, कार्यकारी अध्यक्ष संजय पीसी एवं रमेश बिजलवान, कोषाध्यक्ष अनिल भाटिया, महिला विंग अध्यक्ष सुनीता शर्मा, उपप्रधान राजेंद्र हीर सहित सभी जिलों के अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष मौजूद रहे।

📍 Location: शिमला (शिमला)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें