हिमाचल डेस्कः शिमला के एक सेवानिवृत्त कर्मचारी से 11.87 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने खुद को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी और टेस्ला कंपनी के सीईओ एलन मस्क बताकर पीड़ित को महंगे उपहार का लालच दिया और लाखों रुपये ऐंठ लिए।
छोटा शिमला निवासी धन सिंह 18 जुलाई 2025 को ऑनलाइन थ्रेड एप्लीकेशन ब्राउज कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और खुद को एलन मस्क बताते हुए आकर्षक ऑफर दिया।
टेस्ला कार और 2.3 करोड़ के सोने का झांसा
ठग ने दावा किया कि पीड़ित को उपहार स्वरूप एक नई टेस्ला कार, नकद राशि और लगभग 2.3 करोड़ रुपये मूल्य का सोना दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें कथित डिलीवरी टीम के एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया।
डिलीवरी व प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर ठगी
बातचीत के दौरान अलग-अलग बहानों से डिलीवरी चार्ज, प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के नाम पर बार-बार पैसे मांगे गए। शुरुआत में छोटी राशि ट्रांसफर करवाई गई, बाद में रकम बढ़ती चली गई। इस तरह पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में कुल 11,87,644 रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
देर से हुआ ठगी का एहसास
राशि जमा करवाने के बावजूद न तो कोई उपहार मिला और न ही कोई आधिकारिक दस्तावेज प्राप्त हुआ। तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने छोटा शिमला थाना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 66-सी और 66-डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हर पहलू की गंभीरता से जांचः एसएसपी
मामले को लेकर एसएसपी संजीव कुमार गांधी ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

