शिमला। डोडरा-क्वार क्षेत्र के पेंशनर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को क्वार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड चौहारा के अध्यक्ष दीपान ठाकुर ने की। बैठक में डोडरा-क्वार क्षेत्र के पेंशनर्स ने बड़ी संख्या में भाग लिया और पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की मजबूती तथा क्षेत्र में पेंशनर्स की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान उपस्थित पेंशनर्स ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि डोडरा क्षेत्र के पेंशनर्स के लिए शीघ्र ही अलग से डोडरा ब्लॉक का गठन किया जाएगा। इस निर्णय का उद्देश्य क्षेत्र के सभी पेंशनर्स को एकजुट कर संगठन को मजबूत करना और उनकी समस्याओं को सामूहिक मंच के माध्यम से उचित स्तर तक पहुंचाना है। पेंशनर्स ने कहा कि अलग ब्लॉक के गठन से क्षेत्र के पेंशनर्स को अपनी समस्याएं संगठन के माध्यम से उठाने में सुविधा मिलेगी तथा उनके हितों की बेहतर पैरवी की जा सकेगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी 15 दिनों के भीतर डोडरा क्षेत्र के सभी पेंशनर्स को व्हाट्सऐप के माध्यम से सूचना उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पेंशनर्स को संगठन से जोड़ा जा सके। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन और चुनाव की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कार्यकारिणी के गठन एवं चुनाव की पूरी प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रताप चौहान को संयोजक नियुक्त किया गया। संयोजक की जिम्मेदारी होगी कि वह क्षेत्र के पेंशनर्स से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करवाएं।
बैठक में पेंशनर्स ने कहा कि संगठन की एकजुटता से न केवल उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाया जा सकेगा, बल्कि सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष पेंशनर्स से जुड़े मामलों को प्रभावी ढंग से रखने में भी मदद मिलेगी। उपस्थित सदस्यों ने डोडरा ब्लॉक के गठन के निर्णय का स्वागत करते हुए सभी पेंशनर्स से संगठन के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
📍 Location: शिमला (शिमला)

