शिमलाः हिमाचल प्रदेश के लिए यह गौरव का विषय है कि शिमला के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों गौरव एवं विवेक कुमार ने 2 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित संसद भवन के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल में आयोजित प्रतिष्ठित ‘Know Your Leader’ कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।
यह कार्यक्रम Central Institute of Educational Technology (CIET), NCERT तथा संसदीय कार्य मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय नेताओं के जीवन एवं विचारों से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, प्रभावी अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों को विकसित करना था।

देशभर से चयनित 36 विद्यार्थियों में हिमाचल प्रदेश से गौरव एवं विवेक कुमार का चयन हुआ। इनमें से 12 विद्यार्थियों को अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला, जिसमें राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लालपानी, शिमला के विद्यार्थी गौरव भी शामिल रहे। गौरव ने सेंट्रल हॉल में अत्यंत आत्मविश्वास और प्रभावी ढंग से अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित अनेक राष्ट्रीय नेता, सांसद एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रनायकों के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के आधार पर चयन
गौरव एवं विवेक कुमार का चयन उनकी प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के आधार पर हुआ। दोनों विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, भोपाल तथा Codeavour STEM Hackathon Nationals, Bengaluru जैसी प्रतिष्ठित वैज्ञानिक एवं तकनीकी गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। विज्ञान, नवाचार, STEM, रचनात्मक सोच एवं समस्या-समाधान के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों ने उन्हें इस राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाया।

मेंटर नेहा शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में उनकी मेंटर नेहा शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वर्तमान में पीएम वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टूटू में विज्ञान अध्यापिका के रूप में कार्यरत नेहा शर्मा ने विद्यार्थियों को विज्ञान एवं STEM गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ उनकी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, प्रस्तुति कौशल एवं आत्मविश्वास को विकसित करने में निरंतर मार्गदर्शन दिया। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रांतीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा को निखारा।
गौरव एवं विवेक कुमार की यह उपलब्धि हिमाचल प्रदेश की युवा प्रतिभा और विद्यालयी शिक्षा के लिए प्रेरणादायक है। संसद के ऐतिहासिक सेंट्रल हॉल जैसे राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश के विद्यार्थियों द्वारा अपनी प्रतिभा एवं विचारों का प्रभावी प्रदर्शन पूरे हिमाचल के लिए गर्व का विषय है।
📍 Location: शिमला (शिमला)
मेष: दिन शुभ रहेगा...