हिमाचल डेस्कः प्रदेश में मुस्लिम रेहड़ी-फहड़ी विक्रेताओं को जबरन ‘जय श्रीराम’ बुलवाने का मामला सामने आया है। यह घटना शिमला से करीब 30 किलोमीटर दूर ठियोग बाजार की बताई जा रही है, जहां से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
आरोप है कि ठियोग बाजार में एक युवक ने मुस्लिम समुदाय के 2 व्यापारियों पर ‘जय श्रीराम’ बोलने का दबाव बनाया। हालांकि, दोनों व्यापारियों ने नारा लगाने से इनकार कर दिया और मौके से चले गए। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें डराया-धमकाया गया और उनका कारोबार बंद कराने की धमकी दी गई।
वायरल वीडियो में युवक खुद ‘अस्सलाम वालेकुम’ बोलते हुए सुनाई देता है और सामने खड़े व्यापारियों से ‘जय श्रीराम’ बोलने को कहता है। वह उन्हें ‘रोहिंग्या’ बताकर संबोधित करता है और कैमरे पर कहता है कि “देखो भाइयों, ये जय श्रीराम नहीं बोल रहा है, हम लोग इन्हें यहां रेहड़ी नहीं लगाने देंगे।”
एक अन्य वीडियो में युवक दूसरे व्यापारी से भी ‘जय श्रीराम’ कहने को कहता है, जिस पर वह ‘नमस्ते’ कहकर जवाब देता है। इसके बाद युवक पास में स्थित ‘अपना बाजार’ नाम की दुकान की ओर इशारा करते हुए कहता है कि “अपना बाजार… अपना नहीं रहेगा।” फिलहाल, इस पूरे मामले में पुलिस के पास अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कांगड़ा जिले के कुछ इलाकों में कश्मीरी शॉल विक्रेताओं के साथ इसी तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जहां स्थानीय लोगों द्वारा उनसे अनुमति पत्र मांगने के मामले ने काफी तूल पकड़ा था।

