शिमला: जिला कांग्रेस कमेटी शिमला शहरी के सौजन्य से रविवार को खलीनी स्थित मधुबन क्षेत्र में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और शिमला की हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में स्थानीय लोगों के साथ कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए और इनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे स्वर्गीय अनिल बक्शी (नीलू भाई) की स्मृति में की गई। इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने अनिल बक्शी के संगठन के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके निधन को कांग्रेस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
जिला कांग्रेस शिमला शहरी के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि मधुबन में आयोजित यह पौधरोपण कार्यक्रम नेपाल में आई भीषण जलप्रलय में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को समर्पित है। उन्होंने आपदा में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इंद्रजीत सिंह ने कहा कि प्रकृति सबसे बलवान है और मनुष्य द्वारा प्राकृतिक संसाधनों का बेतरतीब एवं अंधाधुंध दोहन गंभीर प्राकृतिक आपदाओं को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरत है। प्रकृति को सुरक्षित रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद चमन प्रकाश, पार्षद उमंग बांगा, संगठन महासचिव दीपक सुंद्रियाल, उपाध्यक्ष सत्या वर्मा और उमा वर्मा सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महासचिव मुकेश भाटिया, दीक्षित जोगटा, धीरज कश्यप तथा सचिव संतोष शर्मा, शशि, रंजीत कर्नल, निर्मला, पुनीत कुमार, पंकज, सुमित और महिन्द्रजीत बबलू भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
📍 Location: शिमला (शिमला)

