Site icon Dainik Savera Times

क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में गायनेकोलॉजिस्ट की कमी दूर करें सरकार : जनवादी महिला समिति

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/07/1001027835.mp4

हिमाचलः अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति, जिला कमेटी कुल्लू ने जिला क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) की भारी कमी पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार से तत्काल स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

समिति की जिला अध्यक्ष ममता नेगी ने जारी बयान में कहा कि जिला क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कार्यरत दो गायनेकोलॉजिस्ट में से एक चिकित्सक वर्तमान में निलंबित हैं। ऐसी स्थिति में पूरे अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग संबंधी स्वास्थ्य सेवाओं का दायित्व केवल एक ही विशेषज्ञ चिकित्सक के कंधों पर है।

उन्होंने कहा कि जिला क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पूरे जिले का सबसे बड़ा सरकारी स्वास्थ्य संस्थान है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं, प्रसूताएं तथा दूरदराज़ के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों से महिला मरीज उपचार के लिए पहुंचती हैं। ऐसे में केवल एक गायनेकोलॉजिस्ट के भरोसे सभी सेवाओं का संचालन करना अत्यंत कठिन है।

इससे एक ओर चिकित्सक पर कार्य का अत्यधिक दबाव बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को समय पर जांच, उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

ममता नेगी ने प्रदेश सरकार से मांग की कि जिला क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में तत्काल एक अतिरिक्त स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की जाए, ताकि महिलाओं को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ा यह अत्यंत संवेदनशील विषय है और सरकार को इसे प्राथमिकता के आधार पर हल करना चाहिए।

 

Exit mobile version