श्री आनंदपुर साहिब : श्री आनंदपुर साहिब के साथ लगते पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल एवं महान शक्तिपीठ माता श्री नयना देवी जी क्षेत्र के समीप झाड़ियों से गत 17 दिसंबर को एक महिला के बरामद शव के उपरांत इस हत्या कांड की गुत्थी सुलझाने में हिमाचल प्रदेश की बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है जिन्होंने इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को सलाखों के पीछे धकेल दिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक हिमाचल के मशहूर शक्तिपीठ श्री नैना देवी घूमने के बहाने आरोपी प्रेमिका महिला को यहां ले आया था तथा अपने दोस्त और पिता की मदद से प्रेमिका की हत्या करके शव यहीं पर झाड़ियों में फैंक दिया था।
पुलिस ने हत्याकांड में सफलता हासिल करते हुए तीन अभियुक्तों को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आज इस हत्याकांड संबंधी अन्य जानकारी देते हुए पुलिस जिला अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि श्री नैना देवी पुलिस टीम ने डीएसपी विक्रांत की अगवाई में जो हत्या का केस श्री नैना देवी में घटित हुआ था उसमें सफलता हासिल कर ली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में सफलता हासिल करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि दो आरोपियों को यूपी के उन्नाव कानपुर से और तीसरे को सूरत से गिरफ्तार किया है। पुलिस इन तीनों आरोपियों को पड़कर थाना कोट ले आई है जहां पर इन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरे की मंदिर में फुटेज के आधार पर पुलिस ने इन आरोपियों की पहचान की क्योंकि इन आरोपियों ने सर्वप्रथम माता श्री नैना देवी के दरबार में दर्शन भी किए थे उसके बाद इस हत्याकांड को अंजाम दिया था। पुलिस ने पिता पुत्र और दोस्त को इस मामले में गिरफ्तार किया है और उन्हें अब न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी नैना दवी विक्रांत भी मौजूद थे।

