कुल्लू: श्रीखंड महादेव यात्रा-2026 को लेकर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन कुल्लू ने यात्रा मार्ग की सुरक्षा का नए सिरे से आकलन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला दंडाधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा ने आज एक आदेश जारी कर उच्च स्तरीय संयुक्त निरीक्षण समिति का गठन किया है।
जारी आदेश के अनुसार, अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली तथा राजस्व एवं वन विभाग की विशेषज्ञ टीम की प्रारंभिक रिपोर्ट में भीमद्वारी से पार्वती बाग के बीच का ट्रैक अत्यधिक खतरनाक और असुरक्षित पाया गया था। इसी आधार पर सुरक्षा कारणों से श्रीखंड महादेव यात्रा को अगले आदेश तक स्थगित किया गया था। हालांकि, विभिन्न धार्मिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय निवासियों द्वारा यात्रा को पुनः शुरू करने की मांग के बाद प्रशासन ने सुरक्षा स्थिति का दोबारा मूल्यांकन करने का फैसला लिया है।
आदेश के अनुसार, नवगठित समिति की अध्यक्षता एसडीएम निरमंड करेंगे। समिति में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान, मनाली के विशेषज्ञों के अलावा राजस्व विभाग, वन विभाग, श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट तथा श्रीखंड क्षेत्रीय संगठन चायल (जुआगी) के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। समिति 18 जुलाई 2026 को यात्रा मार्ग के सबसे संवेदनशील हिस्से, विशेष रूप से भीमद्वारी से पार्वती बाग के बीच के ट्रैक का विस्तृत भौतिक निरीक्षण करेगी और एक सप्ताह के भीतर अपनी व्यापक रिपोर्ट जिला दंडाधिकारी को सौंपेगी।
रिपोर्ट में यह भी आकलन किया जाएगा कि यात्रा के लिए कोई सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग विकसित किया जा सकता है या नहीं। यदि मार्ग सुरक्षित पाया जाता है, तो समिति प्रतिदिन यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की अधिकतम संख्या, यात्रा की सुरक्षित अवधि, आवश्यक लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं तथा आपदा प्रबंधन प्रोटोकॉल संबंधी स्पष्ट सिफारिशें भी देगी।
जिला दंडाधिकारी अनुराग चंद्र शर्मा ने कहा कि श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों और ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समिति की तकनीकी रिपोर्ट, मौसम की स्थिति और भूस्खलन के जोखिम की समीक्षा के बाद ही कानून के दायरे में यात्रा के संचालन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। आदेश में एसडीएम निरमंड को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा मार्ग पर पहले से अस्थायी कैंप स्थापित कर अपने टेंटों की पुनर्व्यवस्था कर रहे टेंट संचालकों को ही आवश्यक पास जारी किए जाएं।
📍 Location: कुल्लू (Kullu)

