Site icon Dainik Savera Times

श्रीखंड महादेव यात्रा को भीम डवारी तक शुरू करने की मांग, संगठन ने DC कुल्लू को सौंपा प्रस्ताव

https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/07/1001033803.mp4
https://dainiksaveratimes.com/wp-content/uploads/2026/07/1001033746.mp4

 

कुल्लू: इस वर्ष श्रीखंड महादेव यात्रा पर लगी रोक को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है। इसी मुद्दे को लेकर श्रीखंड महादेव संगठन के प्रतिनिधियों ने जिला उपायुक्त कुल्लू से मुलाकात कर यात्रा को कम से कम भीम डवारी तक शुरू करने का आग्रह किया।

संगठन का कहना है कि यदि सुरक्षा कारणों से पूरी यात्रा की अनुमति देना फिलहाल संभव नहीं है, तो श्रद्धालुओं को भीम डवारी तक जाने की अनुमति दी जानी चाहिए। उनका मानना है कि वहां से भगवान श्रीखंड महादेव के दर्शन किए जा सकते हैं, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था भी बनी रहेगी और यात्रा से जुड़े लोगों को कुछ राहत मिलेगी।

संगठन के अध्यक्ष मोहन सिंह ने बताया कि प्रशासन ने इस बार यात्रा को आधिकारिक रूप से स्थगित कर दिया है, जिससे पोर्टर, गाइड, टेंट संचालक, खच्चर मालिक और अन्य स्थानीय कारोबारियों की आजीविका प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि हर साल यह यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित होती रही है, लेकिन इस बार अनुमति न मिलने से क्षेत्र के लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों की संयुक्त निरीक्षण टीम से यात्रा मार्ग का आकलन कराने का भरोसा दिया है। निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय लिया जाएगा कि यात्रा को किस स्थान तक सुरक्षित रूप से शुरू किया जा सकता है।

संगठन ने प्रशासन से संयुक्त निरीक्षण जल्द पूरा करने और अनुकूल परिस्थितियां बनने पर भीम डवारी तक यात्रा की अनुमति देने की मांग की है। उनका कहना है कि देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि सामान्य तौर पर श्रीखंड महादेव यात्रा हर वर्ष जुलाई के दूसरे सप्ताह में शुरू होती है। हालांकि इस बार ट्रैकिंग मार्ग की स्थिति और सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते जिला प्रशासन ने अभी तक यात्रा को हरी झंडी नहीं दी है। ऐसे में स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं की निगाहें अब संयुक्त निरीक्षण समिति की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version