Sikh Candidate Allegedly Barred from Patwari Exam in Solan : शिमला। सोलन के देवभूमि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में एक अमृतधारी सिख युवक को पटवारी भर्ती परीक्षा में बैठने से कथित तौर पर रोकने का मामला तूल पकड़ गया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने इस घटना पर कांग्रेस सरकार से जवाब मांगते हुए प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के कारण किसी अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित करना उसके संवैधानिक अधिकारों और भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि यह मामला एक विद्यार्थी के भविष्य के साथ-साथ धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ा है। गुरमीत सिंह ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े सात बजे उन्हें सरदार गुरदीप सिंह गैरी के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। अभ्यर्थी से बातचीत करने पर पता चला कि उसे कड़ा और कृपाण उतारने के लिए कहा गया था। अमृतधारी सिख होने के कारण युवक ने अपने धार्मिक प्रतीकों को उतारने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के संचालक से बातचीत करने पर सरकारी निर्देशों का हवाला दिया गया, लेकिन संबंधित अधिसूचना की प्रति उपलब्ध नहीं करवाई गई।
सरकार स्पष्ट करे कि किस आदेश के आधार पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया गया। पत्रकार वार्ता में अभ्यर्थी के पिता सरदार विचित्र सिंह भी उपस्थित रहे। गुरमीत सिंह ने कहा कि एक पिता अपनी मेहनत की कमाई से बच्चे को पढ़ाता है और उसके उज्ज्वल भविष्य का सपना देखता है। ऐसे में परीक्षा से वंचित किए जाने से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 25 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार दिया गया है और कृपाण धारण करना सिख धर्म के पालन का हिस्सा माना गया है। परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था बनाते समय संवैधानिक अधिकारों और धार्मिक मान्यताओं का भी सम्मान होना चाहिए।
गुरमीत सिंह ने परीक्षा संबंधी निर्देशों में महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों पर कथित प्रतिबंध को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़े ऐसे निर्देशों की समीक्षा करे। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाए, प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष पटवारी परीक्षा आयोजित करे तथा परीक्षा संबंधी निर्देशों में आवश्यक संशोधन करे, ताकि भविष्य में किसी भी अभ्यर्थी को धार्मिक आस्था के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े।

