Site icon Dainik Savera Times

भारी बारिश व बर्फबारी के बाद जिला चंबा की स्थिति सामान्य : राजीव मिश्रा

चम्बा(मोहम्मद आशिक़): जिला चंबा में बीते दिनों हुई भारी बारिश और बर्फबारी के बाद अब स्थिति सामान्य हो गई है। जिला पर्यटन अधिकारी राजीव मिश्रा ने बताया कि मौसम में सुधार के साथ ही चंबा के पर्यटन स्थलों पर फिर से चहल-पहल शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अब पर्यटक बिना किसी बाधा के जिले के विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख कर सकते हैं।

राजीव मिश्रा ने बताया कि भारी बारिश और बर्फबारी के कारण कुछ मार्ग अवरुद्ध हो गए थे, लेकिन लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों के निरंतर प्रयास से अधिकतर मार्ग बहाल कर दिए गए हैं। खजियार, डलहौजी, भरमौर और पांगी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक अब सुगम आवाजाही हो रही है।

पर्यटन अधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है, जिससे पर्यटकों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा।

राजीव मिश्रा ने सभी पर्यटकों से अपील की है कि वे चंबा के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लें और सुरक्षित पर्यटन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि चंबा की वादियों में बर्फ से ढके पहाड़ों और हरियाली का नजारा पर्यटकों को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है।

ये भी पढ़ें- Asha Bhosle Died: आशा भोसले के वो गाने, जो आज भी फैंस के दिलों में करते हैं राज

Exit mobile version