Site icon Dainik Savera Times

Himachal Pradesh में हुई बर्फबारी और बारिश, पारा लुढ़का

शिमलाः हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताज़ा बर्फबारी हुई है जबकि राज्य के कई अन्य हिस्सों में बारिश हुई है। मौसम कार्यालय ने बुधवार को भारी बारिश की चेतावनी दी है। शिमला और आसपास के इलाकों में आसमान में बादल छाए रहे तथा बुधवार की सुबह में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर कुछ मीटर की रह गई। समूचे राज्य में न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है तथा जनजातीय बहुल लाहौल और स्पीति का केलांग, राज्य का सबसे सर्द इलाका रहा जहां न्यूनतम पारा शून्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है।

क्षेत्र में सबसे ज्यादा 35 मिमी बारिश भुंटर में हुई है। इसके बाद चंबा में 33 मिमी, शिमला में 32 मिमी, सुंदरनगर में 30 मिमी, पालमपुर में 27 मिमी, मंडी और डलहौजी 20-20 मिमी और धर्मशाला में 15.5 मिमी बारिश हुई है। स्थानीय मौसम कार्यालय ने चेतावनी दी है कि बुधवार को मैदानी इलाकों, निचली और मध्य स्तर की पहाड़ियों पर भारी बारिश, गरज के साथ बारिश, बिजली कड़कना तथा ओलावृष्टि हो सकती है तथा बृहस्पतिवार को कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने के साथ साथ बिजली कड़क सकती है। मौसम कार्यालय ने बुधवार और बृहस्पतिवार को ऊंचे पहाड़ों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश या बर्फबारी होने का अनुमान जताया है।

Exit mobile version